20% मुस्लिम वोटर वाली नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली BJP की सेफ सीट:10 साल में PM की पहली रैली, तीसरी जीत पर नजर

1 year ago 8
ARTICLE AD
तारीख: 18 मई, जगह: नॉर्थ ईस्ट दिल्ली PM नरेंद्र मोदी BJP कैंडिडेट मनोज तिवारी के समर्थन में चुनावी रैली करने पहुंचे थे। यहां उन्होंने दो बातें कहीं। 1. ‘एक जमाना था, जब कांग्रेस पूरे देश में राज करती थी। कांग्रेस की 4 पीढ़ियों ने दिल्ली में राज किया, लेकिन आज यहां की 4 सीटें पर लड़ने तक की ताकत नहीं रही।’ 2. ‘मनमोहन सिंह की रिमोट वाली सरकार ने वोट बैंक के लिए वोट जिहाद करने वालों से सौदा किया था। 2014 में चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस सरकार ने रातों-रात देश की 123 प्राइम प्रॉपर्टी वक्फ बोर्ड को दे दी थी।’ नॉर्थ ईस्ट दिल्ली के करतार नगर में PM मोदी के तरकश से पहला तीर परिवारवाद पर चला, तो दूसरा मुस्लिम तुष्टिकरण की राजनीति पर। दिल्ली में कांग्रेस और AAP गठबंधन में चुनाव लड़ रहे हैं। AAP के पास 4 सीटें और कांग्रेस के पास 3 सीटें हैं। नॉर्थ ईस्ट दिल्ली सीट कांग्रेस के हिस्से में है। यही वजह है कि PM के निशाने पर यहां कांग्रेस ही रही। पार्टी ने नॉर्थ ईस्ट दिल्ली से कन्हैया कुमार को उम्मीदवार बनाया है। BJP ने मनोज तिवारी पर तीसरी बार भरोसा जताया है। दिल्ली की सभी 7 लोकसभा सीटों पर छठे फेज में 25 मई को वोटिंग होनी है। BJP के लिए नॉर्थ ईस्ट दिल्ली का चुनाव इतना अहम क्यों है, PM ने नॉर्थ ईस्ट दिल्ली को ही रैली के लिए क्यों चुना, दैनिक भास्कर ने इसका जवाब तलाशा। 2 पॉइंट में समझिए नॉर्थ ईस्ट दिल्ली सीट के सियासी मायने 1. 2011 की जनगणना के मुताबिक, नॉर्थ ईस्ट दिल्ली में मुस्लिम आबादी 29.34% थी। अभी इस सीट पर मुस्लिम वोटर 20.7% हैं, जो दिल्ली की सातों सीटों में सबसे ज्यादा है। इस महीने के शुरुआत में आई PM की इकोनॉमिक एडवाइजरी काउंसिल की स्टडी से पता चला है कि इस एरिया में मुस्लिम आबादी 43.14% की दर से बढ़ रही है। इस पर विवाद हुआ और मुद्दा भी बना। एक्सपर्ट मानते हैं कि इसीलिए PM मोदी ने अपनी स्पीच में मुस्लिम तुष्टिकरण का जिक्र किया। 2. दिल्ली में इस बार BJP ने 7 में से 6 सांसदों के टिकट काट दिए। मनोज तिवारी इकलौते उम्मीदवार हैं, जिन पर पार्टी ने फिर भरोसा दिखाया है। इस लिहाज से भी ये सीट दिल्ली में सबसे सेफ मानी जा रही है। PM बोले- दिल्ली में दोस्ती, पंजाब में कुश्ती का दांव कब तक चलेगा रैली में PM ने कहा, ‘मोदी न अपने लिए जन्मा है और न अपने लिए जिया है। मेरी वारिस देश की 140 करोड़ जनता है।’ कांग्रेस का जिक्र करते हुए PM बोले, ‘इनका मैनिफेस्टो देखिए, जैसे मुस्लिम लीग के दबाव में तैयार किया गया हो। ये लोग खतरनाक खेल खेलना चाहते हैं। मैनिफेस्टो में लिखा है कि सरकारी टेंडर भी धर्म के आधार पर दिए जाएंगे। ये देश का बजट धर्म के आधार पर देना चाहते हैं। यही नहीं ये आपकी संपत्ति का एक्स-रे कराकर उसका आधा हिस्सा अपने वोट बैंक को देना चाहते हैं।’ दिल्ली में AAP सरकार करप्शन के मुद्दे पर घिरी है। चुनाव में कांग्रेस उसके साथ है। लिहाजा, PM मोदी ने शराब घोटाले का जिक्र करते हुए कहा, ‘अब कांग्रेस पूरी तरह एक्सपोज हो गई है। कांग्रेस ने पहले शराब घोटाले के पर्दाफाश का क्रेडिट ले लिया। अब एक शाही परिवार के कहने पर भ्रष्टाचारी को भी गले लगा लिया।' 'दिल्ली में दोस्ती और पंजाब में कुश्ती ये दांव कब तक चलेगा। दुनिया देख रही है कि कैसे एक भ्रष्टाचारी दूसरे भ्रष्टाचारी को कवर दे रहा है।’ एक्सपर्ट बोले- मोदी राजनीति का बड़ा ब्रांड, पॉपुलैरिटी लगातार बढ़ रही सीनियर जर्नलिस्ट नीरजा चौधरी कहती हैं, ‘मोदी लोगों के बीच बहुत लोकप्रिय हैं। जवाहरलाल नेहरू भी 1952, दोबारा 1957 और तीसरी बार 1962 में PM बने। उनकी लोकप्रियता तीसरी बार उतनी नहीं थी, जितनी पहले दो बार थी।' 'इंदिरा गांधी ने भी दो बार प्रधानमंत्री की पारी पूरी करने के बाद बड़ी हार का सामना किया था। PM मोदी तीसरी बार भी उतने ही लोकप्रिय हैं। उनकी लोकप्रियता घटने के बजाय बढ़ी ही है।’ नीरजा कहती हैं, ‘PM मोदी की लोकप्रियता के पीछे की वजह जानने के लिए पहले ये समझना होगा कि आखिर लोग क्यों उन्हें सुनना और देखना पसंद करते हैं। पहली बात जो सबसे खास है कि वे अपनी हिंदू हृदय सम्राट की छवि टूटने नहीं देते। लोग मानते हैं कि उनके शासन में हिंदू सुरक्षित रहेंगे। दिल्ली में भी उन्होंने हिंदुओं के हितों की रक्षा करने वाले बयान दिए।’ वे आगे कहती हैं, ‘दूसरी सबसे बड़ी बात है कि PM मोदी का कोई परिवार नहीं है, जिसके लिए कुछ छोड़कर जाएंगे। उनकी देशभक्त वाली छवि है। उनकी सातों दिन चौबीस घंटे देश के लिए काम करने वाले नेता की छवि है। ये वो बड़े मुद्दे हैं जो लोगों को अट्रैक्ट करते हैं, इसीलिए BJP इन्हें बहुत तरीके से उठाती है।’ नीरजा कहती हैं, ‘अरविंद केजरीवाल के जेल से बाहर आने के बाद आम आदमी पार्टी चुनाव में एक्टिव हो गई थी। तभी स्वाति मालीवाल का मामला आ गया। इसी बीच दिल्ली में PM की रैली हुई, तो उनके निशाने पर केजरीवाल और उनकी सरकार थी। PM ने भ्रष्टाचार और महिला सुरक्षा का मुद्दा उठाया और AAP सवालों में घिरी दिखी।’ थ्योरी ऑफ डिमेंशिया पर BJP का फोकस, भूले मुद्दे याद दिलाती है BJP को लंबे वक्त से कवर कर रहे जर्नलिस्ट मंजीत ठाकुर पार्टी की रणनीति के बारे में कहते हैं, ‘BJP चुनाव की तैयारी एक-दो महीने पहले से नहीं करती। BJP ने 2024 के चुनाव की तैयारी 2019 में नतीजे आने के अगले दिन से ही शुरू कर दी थी।’ दिल्ली में शराब घोटाला और स्वाति मालीवाल का मुद्दा था, तो PM ने रैली में परिवारवाद और मुस्लिम तुष्टिकरण की राजनीति को मुद्दा क्यों बनाया? मंजीत इसकी वजह बताते हैं, ‘दिल्ली में भाषण देने का मतलब ये नहीं कि टारगेट ऑडियंस सिर्फ दिल्ली की ही है। सोशल मीडिया का जमाना है। अभी 25 मई और 1 जून को वोटिंग होनी है। इसमें दिल्ली के साथ पश्चिम बंगाल, हरियाणा और उत्तर प्रदेश भी शामिल हैं। इसमें कई सीटें ऐसी हैं, जहां ये मुद्दे असरदार हैं।' मंजीत कहते हैं, ‘एक बात ये समझिए कि मोदी इतनी रैली क्यों कर रहे हैं, स्थानीय नेताओं की चर्चा कम क्यों है। दरअसल पिछली बार भी पूरा चुनाव PM मोदी के नाम पर हुआ और इस बार भी उन्हीं के नाम पर हो रहा है। इसलिए उनकी रैली का ही वोटिंग पर असर होगा।' वे आगे कहते हैं, ‘चुनाव से ठीक पहले PM मोदी की रैली अचानक तय नहीं होती।' पॉलिटिकल पार्टीज क्या कह रहीं… BJP: हम हिंदू-मुसलमान नहीं करते, जनता को अवेयर करना हमारा काम नॉर्थ ईस्ट दिल्ली से सांसद और उम्मीदवार मनोज तिवारी का मानना है कि PM मोदी या BJP कभी हिंदू-मुसलमान की बात नहीं करती है। वे कहते हैं, ‘हम तो सबका साथ, सबका विकास कहते और करते हैं। वे कह रहे हैं कि हम सबकी प्रॉपर्टी की जांच करेंगे और मुसलमानों में बिना भेदभाव बांट देंगे।’ वे आगे कहते हैं, ‘आप ही सोचिए किसी की एक इंच जमीन भी अगर कोई ले लेता है, तो लाठियां चल जाती हैं। फिर ये तो संपत्ति बांटने की बात है। आप कैसे किसी की संपत्ति किसी और को बांट सकते हैं। वो भी मुसलमानों के बीच बांटने की बात कह रहे हैं। जनता को अवेयर करना भी तो हमारा काम है। हम लोगों को अवेयर भी कर रहे हैं और अपना काम भी बता रहे हैं।’ कांग्रेस: PM ने हमारा मैनिफेस्टो घर-घर पहुंचा दिया दिल्ली कांग्रेस के लीडर और पूर्व प्रेसिडेंट अनिल चौधरी कहते हैं, 'PM मोदी ने जनसभा में क्या कहा, इससे पहले मैं ये पूछूंगा कि उन्हें 10 साल में पहली बार यमुना पार, यानी नॉर्थ ईस्ट दिल्ली की याद क्यों आई। वे पहले कभी क्यों नहीं आए। क्या ये दिल्ली उनकी नहीं है।' PM के परिवारवाद पर दिए बयान पर वे कहते हैं, 'पुरी में संबित पात्रा ने जगन्नाथ जी को मोदी का भक्त बता दिया। राममंदिर प्राण प्रतिष्ठा के वक्त भगवान राम से बड़े पोस्टर मोदी के लगे। ये सब क्या है। आपने पिछले 10 साल में अपने चंद मित्रों के लिए देश को नरक में धकेल दिया और आप कह रहे हैं कि परिवारवाद विपक्ष कर रहा है।' वहीं, मैनिफेस्टो पर PM के बयान पर वे कहते हैं, 'BJP ने ही हमारे मैनिफेस्टो का प्रचार कर दिया है। वे मंगलसूत्र और संपत्ति बांट देंगे, जैसे बयान देते हैं। धर्म के आधार पर डर दिखा रहे हैं।' PM की रैली में आए लोग क्या कह रहे करतार नगर में PM की रैली में काफी भीड़ जुटी। दिल्ली के मुस्तफाबाद से रैली में आए विपिन कहते हैं, 'मैं प्रधानमंत्री को देखने और सुनने आया हूं। मैं उन्हें ही वोट दूंगा। उनकी पॉलिसी बहुत अच्छी हैं। मुद्रा लोन दिया और 4 करोड़ लोगों को घर देने का वादा किया।' 2015 में पाकिस्तान से भारत में आईं सीता कहती हैं, 'मोदी हमारा दुख बांटेंगे, हमारा साथ देंगे। हम उनके साथ ही रहेंगे। उनका भरोसा पक्का है। उन्होंने नागरिकता देने का कह दिया, तो दे भी दी।' करतार नगर के रामस्वरूप से नॉर्थ ईस्ट दिल्ली के मुद्दों के बारे में पूछा तो कहते हैं, 'सफाई का मुद्दा बड़ा है।' वोट किसे देंगे? रामस्वरूप कहते हैं, ‘मोदी को, मनोज तिवारी को। सफाई कराने का काम सांसद का थोड़े ही है। ये काम पार्षद और विधायक का है। सब कुछ उनसे पास होकर ही तो जाता है।’ जनसभा में महिलाओं का भी एक ग्रुप पहुंचा था। इनमें से एक महिला गाने की लाइनों में मोदी की तारीफ करते हुए कहती हैं, 'ये भ्रष्टाचारी हैं, जो जोड़े नहीं जाते, BJP वाले छोड़े नहीं जाते। मोदी जी हमारे बब्बर शेर हैं, जो सब गीदड़ों पर भारी हैं। उनका 56 इंच का सीना है। इस बार 400 पार होगा।' ....................................................... स्टोरी में सहयोग: रोहित श्रीवास्तव ....................................................... दिल्ली से इलेक्शन पर ये खबरें भी पढ़ें...
Read Entire Article