साल 2025 पढ़ाई से इलाज तक, सड़क से अंतरिक्ष तक, बिजनेस से खेल तक...नए मुकाम पर ले जाएगा। धार्मिक आस्था का केंद्र महाकुंभ इसी साल आयोजित होगा, तो वहीं एजुकेशन में एक साथ कई डिग्री का ऑप्शन स्टूडेंट्स के भविष्य को बेहतर बनाएगा।। हेल्थ सेक्टर में कैंसर वैक्सीन और डायबिटीज की नई दवा लोगों के जीवन में उम्मीद जगाएगी। ट्रांसपोर्ट में 2 नए एयरपोर्ट, देश का सबसे लंबा एक्सप्रेसवे और अंतरिक्ष यात्रा एक नई क्रांति लाएंगे। स्पोर्ट्स में इसी साल देश में पहली बार खो-खो वर्ल्ड कप होगा। फाइनेंस: सस्ती ब्याज दरें, 100 रुपए से शुरू होगी एसआईपी
साल 2025 में महंगाई दर 4-4.5% के बीच रह सकती है, जो RBI के टारगेट के निचले स्तर पर है। रेपो रेट 0.75% तक घट सकती है, जिससे लोन की ब्याज दरों में गिरावट आ सकती है। ईपीएफ सब्सक्राइबर्स को एटीएम से 50% तक जमा राशि निकालने की सुविधा मिलेगी। इसकी घोषणा जनवरी में हो सकती है। कर्मचारी कुल जमा राशि का 50% हिस्सा कार्ड से निकाल सकेंगे। इस साल से न्यूनतम 100 रुपए से भी एसआईपी शुरू कर सकेंगे। इससे कम आय वर्ग वालों को भी फायदा मिलेगा। अभी यह सीमा 500 रुपए है। 2. एजुकेशन: एक साथ कई डिग्री, साल में 2 बार बोर्ड परीक्षा नई शिक्षा नीति के तहत 2025-26 से 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा साल में दो बार कराई जाएगी। इनमें 6 महीने का अंतर होगा। दोनों में से जिसमें स्टूडेट का बेस्ट परफॉर्मेंस होगा उसे ही माना जाएगा। यूनिवर्सिटीज व कॉलेज में साल में दो बार एडमिशन का प्रोसेस होगा। स्टूडेंट्स के पास कोर्स के पीरियड को कम करने या बढ़ाने का ऑप्शन होगा। 2025-26 से एक साथ दो यूजी या पीजी कोर्स में एडमिशन लेने की सुविधा मिलेगी। साथ ही 9वीं से 12वीं तक किताबों की कीमत 20% तक कम होगी और बाल वाटिका से लेकर 8वीं तक की हर किताब 65 रुपए में मिलेगी। 3. हेल्थ: कैंसर वैक्सीन, डायबिटीज की नई दवा साल 2025 में रूस 100% सक्सेस रेट वाली कैंसर वैक्सीन लॉन्च करेगा। भारत में टी-सेल थेरेपी (सीएआर-टी) से भी नया रिवॉल्यूशन आएगा । देश में कैंसर के करीब 15 लाख मरीज हैं। हर साल 10 लाख बढ़ रहे हैं। टाइप 2 डायबिटीज के इलाज की सबसे कारगर मानी जाने वाली टिर्जेपटाइड ड्रग को भारत के ड्रग स्टैंडर्ड कंट्रोल ऑर्गेनाइजेशन ने मंजूरी दे दी है। साल 2025 में यह बाजार में उतारी जाएगी। केंद्र सरकार ने 2025 तक भारत से टीबी को खत्म करने की घोषणा की है। इसके लिए कई अभियान चलेंगे। देश में इसके 20 लाख मरीज हैं। 4. ट्रांसपोर्ट: एयरपोर्ट, एक्सप्रेसवे, स्पेस टूरिज्म जेवर एयरपोर्ट (ग्रेटर नोएडा) अप्रैल 2025 से चालू होगा। इसके शुरू होने से वर्ल्ड क्लास सुविधाएं और सस्ता सफर मिलेगा। वहीं, नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से भी मई में उड़ानें शुरू होंगी। साथ ही दिल्ली-मुंबई के बीच बन रहा देश का सबसे लंबा 1300 किमी का एक्सप्रेसवे अक्टूबर तक शुरू हो जाएगा। इससे दिल्ली से मुंबई जाने में 12 घंटे लगेंगे। यह करीब 1 लाख करोड़ की लागत से बन रहा है। साल 2025 में स्पेस औरा कंपनी स्पेस बैलून से पर्यटकों को अंतरिक्ष की यात्रा करवाएगी। यह 35 किमी ऊंचाई तक ले जाएगा। यह देश में ऐसा पहला प्रयास होगा। 5. स्पोर्ट्स; देश में पहला खो-खो वर्ल्ड कप, चैम्पियंस ट्रॉफी में भारत और पाकिस्तान भिड़ेंगे साल 2025 में देश में पहली बार खो-खो वर्ल्ड कप 13 से 19 जनवरी के बीच होगा। इसका आयोजन नई दिल्ली में होगा। इस टूर्नामेंट में दुनिया के 16 देश हिस्सा लेंगे। इस साल क्रिकेट में आईसीसी चैम्पियंस ट्रॉफी 19 फरवरी से 9 मार्च के बीच होगी। यह आठ साल बाद हो रही है। सभी मैच पाक और यूएई में होंगे। इस साल 15 जून-13 जुलाई के बीच फीफा क्लब वर्ल्ड कप का आनंद ले सकेंगे। यह क्लब फुटबॉल का बड़ा आयोजन है और दुनियाभर के फुटबॉल प्रशंसकों के लिए एक अहम इवेंट होगा। इस बार फीफा वर्ल्ड कप की मेजबानी अमेरिका करेगा। 6. धार्मिक पर्यटन: महाकुंभ, राम मंदिर और काशी में रोप-वे दुनिया का सबसे बड़ा धार्मिक मेला महाकुंभ प्रयागराज में 13 जनवरी से 26 फरवरी तक होगा। 3 शाही स्नान 14 जनवरी (मकर संक्रांति), 29 जनवरी (मौनी अमावस्या), 3 फरवरी (बसंत पंचमी) को होंगे। अयोध्या में भव्य राम मंदिर के दूसरे चरण का काम जून 2025 तक पूरा हो जाएगा। श्रीराम म्यूजियम भी सितंबर तक बनकर तैयार होगा। वाराणसी में 4 किमी लंबे रोप-वे प्रोजेक्ट पर काम चल रहा है। मई-जून तक काम हो जाएगा। इससे श्रद्धालुओं को विश्वनाथ मंदिर पहुंचने में आसानी होगी। हर घंटे 6 हजार लोग इसका इस्तेमाल कर सकेंगे।