पुलिस-डॉक्टर-कार्यकर्ता-मेड समेत 50 से रेप, सिर्फ 4 विक्टिम सामने आईं:150 गवाह, 2000 पेज की चार्जशीट, प्रज्वल रेवन्ना को सजा कब

7 months ago 8
ARTICLE AD
प्रज्वल रेवन्ना, हासन से सांसद और कर्नाटक की सबसे ताकतवर पॉलिटिकल फैमिली से उभरता लीडर। दादा एचडी देवगौड़ा राज्यसभा सांसद और पूर्व प्रधानमंत्री, पिता एचडी रेवन्ना विधायक और पूर्व मंत्री, चाचा एचडी कुमारस्वामी विधायक और पूर्व सीएम, भाई सूरज MLC। परिवार का रसूख इतना कि हासन में कहा जाता है यहां दो संविधान चलते हैं, एक बाबा साहब अंबेडकर का और दूसरा देवगौड़ा परिवार का। 24 अप्रैल, 2024 की सुबह इस परिवार की छवि पर सबसे बड़ा धब्बा लगा। हासन के स्टेडियम में रनिंग ट्रैक पर सैकड़ों पेन ड्राइव मिले। इनमें प्रज्वल रेवन्ना की करीब 3 हजार सेक्स क्लिप और फोटो थे। यहीं से प्रज्वल रेवन्ना की जिंदगी का अच्छा दौर खत्म हो गया। उस पर 50 महिलाओं के सेक्शुअल हैरेसमेंट का आरोप लगा। वीडियो और SIT जांच में शामिल सोर्स से इसकी पुष्टि हुई है। 12 महिलाओं ने कहा कि प्रज्वल ने उनके साथ रेप किया है। उसके खिलाफ 4 केस दर्ज हुए। वो देवगौड़ा परिवार का गढ़ रही हासन सीट से चुनाव हार गया और बीते एक साल से पुलिस की कस्टडी में है। आरोप है कि प्रज्वल ने महिलाओं को अलग-अलग तरह का लालच देकर सेक्शुअल फेवर लिया। किसी को सब-इंस्पेक्टर, किसी को तहसीलदार तो किसी को फूड डिपार्टमेंट में नौकरी दिलवा दी। सेक्स स्कैंडल के आरोप में फंसे प्रज्वल रेवन्ना की गिरफ्तारी को आज एक साल पूरे हो गए। मामला कोर्ट में है। 150 गवाह हैं, जिनके बयान दर्ज किए जा रहे हैं, लेकिन प्रज्वल को सजा कब होगी, ये सवाल बाकी है। सवाल और भी हैं- 1. प्रज्वल की गिरफ्तारी के बाद सेक्स स्कैंडल केस कहां तक पहुंचा? 2. CID और पुलिस को जांच में अब तक क्या मिला? 3. इस केस ने साउथ की पॉलिटिक्स पर क्या असर डाला? 4. क्या इस केस से प्रज्वल का पॉलिटिकल फ्यूचर खत्म हो जाएगा? इन सवालों के जवाब हमने केस की जांच कर रहे अधिकारियों, प्रज्वल के वकील और पॉलिटिकल एक्सपर्ट से पूछे। अब तक केस में क्या हुआ, पहले ये जान लीजिए शुरुआत 31 मई 2024 से, रात के 12:30 बजे थे। जगह- बेंगलुरु का केम्पेगौड़ा एयरपोर्ट। जर्मनी के म्यूनिख से बेंगलुरु आने वाली फ्लाइट के आने का अनाउंसमेंट हुआ। उसी वक्त एयरपोर्ट के मेन गेट पर सफेद रंग की कार रुकी। कार से चार महिला पुलिस अधिकारी उतरीं। उनके साथ सीनियर IPS अफसर सुमन डी. पेन्नेकर भागते हुए अंदर गईं। ये सभी एक खास ऑपरेशन के लिए एयरपोर्ट पहुंची थीं। बेंगलुरु पुलिस को इनपुट मिला था कि 27 अप्रैल से फरार चल रहा प्रज्वल रेवन्ना जर्मनी से आ रही फ्लाइट में है। उसे एयरपोर्ट से निकलने से पहले ही हिरासत में लेना था। फ्लाइट के एयरपोर्ट पर लैंड होते ही टीम प्लेन के पास पहुंच गई। प्रज्वल जैसे ही उतरा, उसे गिरफ्तार कर लिया गया। प्रज्वल को CID ऑफिस ले जाया गया। वहां उसे SIT ने हिरासत में ले लिया। उस दिन से आज तक प्रज्वल जेल में है। ड्राइवर बोला- प्रज्वल की मां को सब पता था गिरफ्तारी के बाद कोर्ट ने पुलिस को 6 जून, 2024 तक प्रज्वल रेवन्ना की कस्टडी दी थी। इसे बढ़ाकर 10 जून कर दिया गया। इसके बाद MP/MLA कोर्ट ने प्रज्वल को SIT की हिरासत में भेज दिया। तभी से वो न्यायिक हिरासत में हैं। उसने जमानत के लिए अर्जियां भी डाली, लेकिन कोर्ट से राहत नहीं मिली। कोर्ट में प्रज्वल की पैरवी कर चुके सीनियर एडवोकेट शिवानंद बताते हैं, ‘प्रज्वल पर रेप, यौन उत्पीड़न और आपराधिक धमकी के चार केस दर्ज हैं। इनमें से एक केस उसके नौकर ने दर्ज कराया था।’ ‘केस अभी एविडेंस स्टेज पर है। कोर्ट में गवाहों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। 26 मई को प्रज्वल के ड्राइवर एन. कार्तिक ने गवाही दी। उसने ऐसे खुलासे किए हैं, जिसके बाद SIT नए सिरे से जांच कर रही है।’ होलेनरासीपुर के रहने वाले 34 साल के कार्तिक ने बेंगलुरु की सेशन कोर्ट में बताया कि प्रज्वल के कई महिलाओं से फिजिकल रिलेशन थे। वो उनके प्राइवेट वीडियो मोबाइल में रिकॉर्ड करता था। ये सारी बातें उसकी मां भवानी रेवन्ना को पता थीं। होलेनरासीपुर में ही देवगौड़ा परिवार का पुश्तैनी घर है। 'प्रज्वल के फोन में 2000 अश्लील फोटो और 40 प्राइवेट वीडियो मिले' प्रज्वल के ड्राइवर कार्तिक ने पैरवी के दौरान सरकारी वकील अशोक नायक को बताया कि प्रज्वल सांसद था, तब उसके फोन में करीब 2000 अश्लील फोटो और 40 प्राइवेट वीडियो थे। वीडियो में दिख रही महिलाओं से उसके रिश्ते थे। प्रज्वल ने खुद भवानी रेवन्ना को ये बातें बताई थीं। पहले भवानी को यकीन नहीं हुआ, लेकिन उन्हें सबूत दिखाए तो वे हैरान रह गईं। फोटो और वीडियो देखने के बाद भवानी बेटे की हरकतों पर नाराज हुईं। उन्होंने कार्तिक से कहा कि ये बातें किसी और को न बताए, नहीं तो परिवार की बदनामी होगी। 150 गवाह, 2 हजार पेज की चार्जशीट 28 अप्रैल से 10 जून 2024 के बीच प्रज्वल के खिलाफ होलेनरासीपुर पुलिस स्टेशन में 4 FIR दर्ज की गईं। इसके अलावा बेंगलुरु के साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में 2 केस दर्ज किए गए। केआर नगर पुलिस स्टेशन में प्रज्वल के पिता और होलेनरासीपुर के विधायक एचडी रेवन्ना के खिलाफ अलग केस दर्ज किया गया। सभी केस की जांच CID की देखरेख में SIT कर रही है। 10 महीने चली इन्वेस्टिगेशन में करीब 150 गवाहों के बयानों के आधार पर 2 हजार पेज की चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है। चार्जशीट में प्रज्वल रेवन्ना पर एक विक्टिम से बार-बार रेप करने का आरोप है। ये महिला होलेनरासीपुर में देवगौड़ा परिवार के फार्म हाउस में काम करती थी। उसने बताया कि पहली घटना 2021 में हुई थी। तब लॉकडाउन लगा था। मेरे साथ होलेनरासीपुर में गन्निकाडा फार्महाउस और बेंगलुरु में प्रज्वल के घर में मारपीट की गई। चार्जशीट में लिखा है कि प्रज्वल ने महिला को बंधक बनाया। उसके साथ कई बार रेप किया। इसे रिकॉर्ड किया और महिला को धमकी दी कि अगर उसने किसी को बताया तो अच्छा नहीं होगा। महिला डर की वजह से चुप रही। प्रज्वल वीडियो के दम पर उसे ब्लैकमेल कर रहा था। वीडियो वायरल होने लगे तो महिला ने पुलिस को सब बता दिया। केस से जुड़े एक एडवोकेट ने नाम जाहिर न करने की गुजारिश पर बताया कि कोर्ट में प्रज्वल के खिलाफ 100 से ज्यादा गवाहों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं। अब भी पुलिस गवाहों से पूछताछ कर रही है। कितने नए गवाह और सामने आएंगे, ये कोई नहीं बता सकता। SIT ने FIR कराने वाली 2 महिलाओं के बयान दर्ज किए हैं। उनकी आपबीती… पहली विक्टिम: हॉल में पार्टी वर्कर्स की भीड़ थी, ऊपर के कमरे में ले जाकर रेप किया 44 साल की एक विक्टिम ने होलेनरासीपुर टाउन पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज कराई है। उन्होंने कहा कि प्रज्वल ने पति को गोली मारने की धमकी देकर कई बार मेरा रेप किया। मैं प्रज्वल की पार्टी से जुड़ी थी। 1 जनवरी 2021 को उनके सरकारी बंगले पर गई थी। ग्राउंड फ्लोर पर बने हॉल में कई लोग थे। सांसद के स्टाफ ने मुझे फर्स्ट फ्लोर पर जाने के लिए कहा। बंगले पर मौजूद लोगों से मिलने के बाद प्रज्वल कमरे में आया और मेरा रेप किया। दूसरी विक्टिम: मां से रेप किया, वीडियो कॉल करके कपड़े उतारने के लिए कहता था SIT सूत्रों के मुताबिक, दूसरी विक्टिम ने बताया, ‘प्रज्वल रेवन्ना ने 4-5 साल पहले बेंगलुरु वाले घर में मेरी मां से रेप किया था। इसके बाद प्रज्वल रेवन्ना मुझे भी वीडियो कॉल करने लगा। वो मां को नुकसान पहुंचाने की धमकी देकर कपड़े उतारने पर मजबूर करता था।’ ‘पापा प्रज्वल के घर में काम करते थे। प्रज्वल मां को धमकी देता था कि अगर मेरी बात नहीं मानी, तो पापा को नौकरी से निकाल देगा। मेरे साथ रेप करेगा। हमने प्रज्वल के खिलाफ पुलिस में शिकायत की, तो उसने पापा को नौकरी से निकाल दिया।’ इस विक्टिम ने प्रज्वल के पिता एचडी रेवन्ना पर भी सेक्शुअल हैरेसमेंट का आरोप लगाया है। SIT ने एचडी रेवन्ना से इस पर सवाल पूछा था। उन्होंने जवाब दिया, ‘मेरे घर में कई नौकर काम करते हैं। मैं आरोप लगाने वाली महिला को नहीं जानता।’ वीडियो सामने आने के बाद प्रज्वल जर्मनी भागा, देवगौड़ा की चेतावनी के बाद लौटा प्रज्वल के वीडियो सामने आए, तब कर्नाटक में लोकसभा चुनाव की वोटिंग चल रही थी। प्रज्वल हासन सीट से चुनाव लड़ रहा था। यहां 26 अप्रैल को वोटिंग थी। वोटिंग के तुरंत बाद प्रज्वल जर्मनी भाग गया। प्रज्वल के दादा पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा ने उससे वापस आने के लिए कहा था। उन्होंने 23 मई को ट्विटर पर लिखा कि मैंने प्रज्वल को चेतावनी दी है कि वो जहां भी है, तुरंत लौट आए। यहां लीगल प्रोसेस में शामिल हो। उसे मेरे धैर्य की और परीक्षा नहीं लेनी चाहिए। देवगौड़ा ने कहा, 'मैं प्रज्वल से रिक्वेस्ट नहीं कर रहा, बल्कि चेतावनी दे रहा हूं। अगर वो इसे नहीं मानता तो उसे मेरा और पूरे परिवार का गुस्सा झेलना पड़ेगा। उसके खिलाफ लगे आरोपों को तो कानून देखेगा, लेकिन अगर वो परिवार की बात नहीं सुनेगा तो हम उसे अकेला छोड़ देंगे। अगर मेरे लिए उसके मन में थोड़ी भी इज्जत बाकी है, तो उसे तुरंत लौट आना चाहिए।' देवगौड़ा की चेतावनी के 7 दिन बाद 31 मई को प्रज्वल भारत लौट आया। बेंगलुरु के कैम्पेगौड़ा एयरपोर्ट पर फ्लाइट लैंड होने के बाद रात करीब 1 बजे SIT ने उसे कस्टडी में लिया था। इससे पहले 27 मई को प्रज्वल ने VIDEO जारी कर कहा था कि मैं 31 मई को SIT के सामने पेश हो जाऊंगा। मेरे खिलाफ लगे सभी आरोप झूठे हैं। मुझे भरोसा है कि मैं अदालत के जरिए झूठे मामलों से बाहर आऊंगा।' पॉलिटिकल पार्टियां क्या कह रहीं… कांग्रेस: प्रज्वल की गिरफ्तारी से JD(S) का ग्राफ गिरा कांग्रेस की नेशनल स्पोक्सपर्सन स्वाति चंद्रशेखर कहती हैं, ‘प्रज्वल के जेल जाने के बाद JD(S) ने अपनी राजनीतिक छवि खो दी है। पार्टी का ग्राफ इतना नीचे गिर चुका है कि अब उनके लिए विधानसभा-लोकसभा क्या, उपचुनाव जीतना भी नामुमकिन है। प्रज्वल रेवन्ना साउथ की पॉलिटिक्स में कभी बड़ा चेहरा नहीं रहा। उसके साथ दादा एचडी देवगौड़ा का नाम जोड़ा जाता है।’ BJP: महिलाओं का अपमान करने वालों के साथ नहीं कर्नाटक में BJP और JD(S) ने मिलकर लोकसभा चुनाव लड़ा था। गठबंधन ने 28 में से 17 सीटें जीतीं। प्रज्वल के चाचा एचडी कुमार स्वामी केंद्र सरकार में मंत्री हैं। कर्नाटक BJP के स्पोक्सपर्सन एमजी महेश कहते हैं, ‘हमारी पार्टी महिलाओं का अपमान करने वाले किसी भी व्यक्ति के साथ कभी खड़ी नहीं हुई है। प्रज्वल रेवन्ना केस अभी ट्रायल स्टेज पर चल रहा है। जांच के बाद सभी पहलू सामने आ जाएंगे। हमारे लिए राज्य की हर महिला मां जैसी है। पार्टी किसी सूरत में उनके सम्मान से समझौता नहीं होने देगी।’ हमने JD(S) के नेताओं से भी संपर्क किया। हमें बताया गया कि पार्टी ने सभी स्पोक्सपर्सन को इस मसले पर कुछ भी बोलने से मना किया है। ‘वोक्कालिगा समुदाय चाहे, तो जेल से भी चुनाव जीत सकता है प्रज्वल’ क्या प्रज्वल का पॉलिटिकल करियर खत्म हो गया है? इस सवाल पर कर्नाटक के एक सीनियर जर्नलिस्ट कहते हैं, ‘हासन में देवगौड़ा परिवार के राजनीतिक रसूख को कम करना अभी किसी पार्टी के बस की बात नहीं है।’ ‘देवगौड़ा कर्नाटक के वोक्कालिगा समुदाय से आते हैं। हासन में इस समुदाय के वोटर सबसे ज्यादा हैं। अगर प्रज्वल लोगों के सामने खुलेआम गलती स्वीकार लेते हैं या फिर माफी मांगते हैं, तो ये भी संभव है कि उन्हें जेल में रहते हुए भी चुनावी जीत मिल जाए।’ प्रज्वल के भाई सूरज पर अननेचुरल सेक्स का आरोप प्रज्वल रेवन्ना के भाई सूरज रेवन्ना को हासन पुलिस ने 23 जून, 2024 को गिरफ्तार किया था। पार्टी के एक कार्यकर्ता ने 22 जून को सूरज पर अननेचुरल सेक्स का केस दर्ज कराया था। पीड़ित ने आरोप लगाया कि 16 जून को सूरज रेवन्ना ने मुझे गन्निकाडा में फार्महाउस पर बुलाया। शाम करीब 6.15 बजे मैं फार्म हाउस पहुंचा, तो सूरज ने जान से मारने की धमकी देकर मेरे साथ अननेचुरल सेक्स किया। इसके बाद 25 जून को सूरज के करीबी माने जाने वाले एक पार्टी कार्यकर्ता ने भी होलेनरासीपुर थाने में सूरज के खिलाफ अननेचुरल सेक्स का केस दर्ज करवा दिया। प्रज्वल के पिता, मां और भाई जमानत पर बाहर एक महीने हिरासत में रहने के बाद 23 जुलाई को बेंगलुरु की एक अदालत ने सूरज को यौन शोषण मामले में जमानत दे दी। कोर्ट ने कहा कि है कि सूरज को जांच में सहयोग देना होगा। कोर्ट ने जमानत के लिए ये शर्तें भी लगाईं- 1. जांच अधिकारी के बुलाने पर आना होगा। 2. कोर्ट में पासपोर्ट पेश करना होगा। 3. सूरज अदालत से लिखित अनुमति के बिना कर्नाटक से बाहर नहीं जा सकता। 4. केस के पीड़ितों और गवाहों से दूर रहना होगा। 5. महीने के दूसरे रविवार को जांच अधिकारी के सामने पेश होना होगा। सूरज के पिता एचडी रेवन्ना को प्रज्वल के मामले की पीड़िता का अपहरण करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। फिलहाल वे जमानत पर हैं। वहीं, सूरज की मां भवानी रेवन्ना भी इसी मामले में अग्रिम जमानत पर हैं। ................................... ये ग्राउंड रिपोर्ट भी पढ़ें... बृजभूषण के खिलाफ पॉक्सो केस खत्म, रेसलर-फैमिली ने माना- झूठा केस था दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट ने 26 मई को BJP नेता और पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ पॉक्सो का केस बंद कर दिया। हरियाणा के रोहतक में रहने वाली रेसलर ने सेक्शुअल हैरेसमेंट के आरोप लगाए थे, लेकिन बाद में इसे वापस ले लिया। रेसलर के दादा ने माना कि इसके पीछे साजिश थी। उनके बेटे ने बहकावे में आकर केस दर्ज कराया था। पढ़िए पूरी खबर...
Read Entire Article